किसानों की आय बढ़ाने के लिए लंबित परियोजनाएं समय पर पूरी करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से तेजी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को चंडीगढ़ में विभागीय कार्यों की विशेष समीक्षा बैठक की।
बैठक में बागवानी विभाग के सचिव अरशदीप सिंह थिंद और निदेशक मनीष कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और चल रही पहलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि बागवानी क्षेत्र का तेजी से विकास सुनिश्चित हो सके और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने सब्सिडी वितरण में पारदर्शिता और गति लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान विभाग में रिक्त पदों को भरने और पदोन्नति प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे विभागीय कार्यक्षमता और मजबूत हो सके।
इसके अलावा, बागवानी योजनाओं के तहत मशीनरी खरीद, बुनियादी ढांचे के विकास और अन्य परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।