मुख्यमंत्री बोलीं- यह सुधार लोकतंत्र को अधिक सशक्त और प्रशासनिक व्यवस्था को बनाएगा प्रभावी
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2024 के तहत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अध्ययन दौरे पर आए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सदस्यों से मुलाकात की। यह जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल पीपी चौधरी की अध्यक्षता में दिल्ली आया हुआ है। बैठक के दौरान विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई और शासन व्यवस्था से जुड़े सुधारों पर विचार साझा किए गए।
उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ देश के लोकतंत्र को अधिक सशक्त, सुव्यवस्थित और स्थिर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार है। इससे समय, धन और संसाधनों की बचत होगी तथा शासन में निरंतरता और दक्षता को मजबूती मिलेगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसे सभी सुधारों का समर्थन करती है, जो सुशासन को बढ़ावा दें, प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएं।