बोले- स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और निवेश बढ़ाना सरकार का लक्ष्य
भोपाल (Narendra Singh Danu) : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने 24 घंटे नवीकरणीय (हरित) ऊर्जा उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि दावोस में की गई घोषणा के अनुरूप प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका उद्देश्य ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ सतत विकास को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने यह बात नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में आयोजित 24 घंटे नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना की प्री-बिड बैठक को भोपाल से वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कही। बैठक में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव और विभिन्न ऊर्जा कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डॉ. यादव ने कहा कि रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर परियोजना ने देश में सबसे कम सौर टैरिफ स्थापित कर मध्य प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई है। वहीं शाजापुर-नीमच सोलर पार्कों और मुरैना की स्टोरेज आधारित परियोजना ने भी प्रतिस्पर्धी बिजली दरों के नए मानक स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का सबसे निवेश-अनुकूल राज्यों में शामिल है। सरकार पारदर्शी नीतियों, त्वरित निर्णय और बेहतर आधारभूत ढांचे के माध्यम से निवेशकों को हरसंभव सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के निवेशकों से राज्य की ऊर्जा क्रांति का भागीदार बनने का आह्वान किया।
बैठक में टाटा पावर, रिलायंस एनर्जी, टोरेंट पावर, जिंदल रिन्यूएबल, एनटीपीसी, अडानी ग्रीन, हिंदुस्तान पावर और महिंद्रा सिस्टम सहित कई प्रमुख ऊर्जा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।