तिहाड़ और मंडोली जेलों में चिकित्सा स्टाफ पर बड़ी कार्रवाई, 39 डॉक्टरों के तबादले की सिफारिश
नई दिल्ली ( Narendra Singh Danu) : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तिहाड़ और मंडोली जेलों में लंबे समय से तैनात डॉक्टरों के स्थानांतरण की सिफारिश उपराज्यपाल को भेजी है।
मुख्य प्रस्ताव के तहत 5 वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत 39 डॉक्टरों का ट्रांसफर किया जाएगा। इनमें विशेषज्ञ और जीडीएमओ दोनों शामिल हैं।
तिहाड़ जेल और मंडोली जेल में कई डॉक्टर 2014 से तैनात बताए जा रहे हैं, यानी 11 वर्षों से अधिक समय से एक ही जगह पर कार्यरत हैं।
नई तैनाती का प्रस्ताव
सरकार ने इनके स्थान पर करीब 35 नए डॉक्टरों की तैनाती का भी प्रस्ताव दिया है। कुल मिलाकर लगभग 74 स्थानांतरण इस पुनर्गठन का हिस्सा होंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नियमित रोटेशन और मानव संसाधन प्रबंधन से स्वास्थ्य सेवाओं की दक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी।
प्रशासनिक सुधार का हिस्सा
सरकार के अनुसार यह कदम स्वास्थ्य विभाग में चल रहे व्यापक पुनर्गठन अभियान का हिस्सा है। इससे पहले सीपीए (Central Procurement Agency) में भी 40 से अधिक अधिकारियों का तबादला किया गया था।
इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य संस्थागत कार्यक्षमता बढ़ाना और जेल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना बताया गया है।