पंचकूला, 17 फरवरी । इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 और फेस-2, पंचकूला को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और रोल मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए उद्योगपतियों और नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रूप से ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया। आयोजित बैठक में दोनों पक्षों ने समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
पीसीसीआई के चेयरमैन अरुण ग्रोवर द्वारा लंबे समय से इंडस्ट्रियल एरिया की समस्याओं को विभिन्न मंचों पर उठाया जाता रहा है। उद्योगपतियों ने माना कि उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रशासन ने जमीनी स्तर पर कार्रवाई शुरू की है। हालांकि वे व्यक्तिगत कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।
नगर निगम पंचकूला के आयुक्त विनय कुमार ने आश्वस्त किया कि प्रशासन उद्योग जगत के साथ मिलकर कार्य करेगा और प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना लागू की जाएगी। बैठक में अंडरपास, अभयपुर के पास छोटी पुलिया पर कूड़ा फेंके जाने, प्लॉट नंबर 266 से 277 तक जलभराव और सीवरेज जाम जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी, जियो-टैगिंग रिपोर्ट और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही “डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन” सेवा को निगम की वेबसाइट से जोड़कर ऑनलाइन शिकायत सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
तीन दिन बाद क्षेत्र का दौरा कर प्रगति की समीक्षा करने की घोषणा के साथ बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।