मोहाली/यूटर्न/17 फरवरी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी गई है। खालिस्तान समर्थक संगठन, खालिस्तान नेशनल आर्मी ने प्रशासन को ईमेल भेजकर धमकी दी कि सीएम मान को भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वे बच गए तो उनका पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह जैसा हाल करेंगे। सीएम मान मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने इस अस्पताल समेत 16 स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी। दैनिक भास्कर को ज्ञानज्योति स्कूल की डायरेक्टर अनीत बेदी ने धमकी की कॉपी उपलब्ध कराई है। मोहाली के SP सिटी दिलप्रीत सिंह ने ईमेल की पुष्टि की है। एसपी का कहना है कि धमकी भरा ईमेल आया है। हम सभी चीजों को वैरिफाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट हैं। अस्पताल की अच्छी तरह से जांच की गई है। सीनियर्स के अगले आदेश तक फोर्स को हॉस्पिटल में तैनात रखा जाएगा।
अस्पताल का कहना – सीएम की हालत ठीक
वहीं, फोर्टिस अस्पताल ने कहा कि नियमित जांच के लिए सीएम आए थे। उनका पूरा क्लिनिकल असेसमेंट और स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक जांच हुई। सभी जरूरी पैरामीटर स्थिर हैं और नॉर्मल लिमिट में हैं। उन्हें ज्यादा थकान महसूस हो रही थी, इसलिए ऑब्जर्वेशन और सपोर्टिव केयर के लिए भर्ती किया गया। उनकी हालत स्थिर है।
दोपहर 1.11 बजे ब्लास्ट की धमकी
एसपी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि मेल में ब्लास्ट का टाइम मंगलवार दोपहर 1.11 बजे दिया गया, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सुबह साढ़े 7 बजे थ्रेट मेल मिलते ही फोर्टिस अस्पताल और स्कूलों की जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली लेकिन चांस नहीं लिया जा सकता।
रेडियोएक्टिव पदार्थ है पोलोनियम
सीएम मान को जिस पोलोनियम केमिकल देने की बात सामने आई है, वह दुर्लभ रेडियोएक्टिव पदार्थ है। यह बहुत जहरीला होता है। हालांकि, सीएम को पोलोनियम से संक्रमित कब, कहां और कैसे किया गया, खालिस्तान नेशनल आर्मी की मेल में इसका कोई जिक्र नहीं है। सीएम मान रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने पर मोहाली फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए थे। फिर सोमवार को डिस्चार्ज होकर मोगा में आप सरकार की नशा विरोधी रैली में हिस्सा लेने गए।
----