लुधियाना/यूटर्न/8 जुलाई। जी5 प्लेटफॉर्म से फिल्म सतलुज हटाए जाने के विरोध में सोमवार शाम सराभा नगर स्थित किप्स मार्केट में सैकड़ों लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व इनीशिएटर्स ऑफ चेंज के चेयरमैन गौरवदीप सिंह ने किया। इस दौरान गुरमत ज्ञान मिशनरी कॉलेज, विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शहर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कलात्मक आज़ादी और ऐतिहासिक तथ्यों को प्रस्तुत करने के संवैधानिक अधिकार के समर्थन में आवाज बुलंद की। उन्होंने सरकार और जी5 से फिल्म सतलुज को दोबारा प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक समाज में कला, संवाद और सत्य के लिए पर्याप्त स्थान होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने जसवंत सिंह खालड़ा की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास के सत्य तथ्यों से परिचित कराना जरूरी है ताकि वे स्वयं समझ और विचार बना सकें। सभा को संबोधित करते हुए गौरवदीप सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपने इतिहास और अपने नायकों की कहानियां स्वयं सामने लाएं।
---