लुधियाना/यूटर्न/8 जुलाई। लुधियाना स्टेशन के पास स्थित रेलवे कॉलोनी के एक क्वार्टर से रेल कर्मचारी की लाश बरामद हुई है। मृतक की पहचान अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे यूनियन के पदाधिकारियों को सूचित किया गया। अवधेश कुमार पिछले कुछ दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं दिखाई दिए थे। मंगलवार शाम क्वार्टर के आसपास से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना रेलवे के कर्मचारियों और अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर रेलवे यूनियन के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि क्वार्टर का दरवाजा खुला था और अंदर अवधेश कुमार का शव बुरी तरह सड़ी-गली अवस्था में पड़ा था। एनआरएमयू के ब्रांच प्रधान गौरव शर्मा ने बताया कि वह मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अवधेश की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले ही हो चुकी थी।
----