परिवार के साथ नांदेड़ गुरुद्वारा साहिब पहुंचे सुखबीर बादल पर दोपहर करीब 1:50 बजे हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी निहंग जसपाल सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले में बादल के हाथ और एक सुरक्षाकर्मी को चोट आई। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरसिमरत कौर बादल को फोन कर सुखबीर सिंह बादल का हालचाल जाना। यह उन पर दूसरा हमला बताया गया है।
चंडीगढ़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुरुद्वारा माता साहिब कौर में एक निहंग ने उन पर कृपाण से हमला किया। बादल के हाथ में चोट लगी है। हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घटना दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर हुई।
पुलिस ने हमले के आरोपी निहंग जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सुखबीर बादल परिवार के साथ नांदेड़ के गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। हमले के बाद उन्हें यशोसाईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर बादल की सांसद पत्नी हरसिमरत कौर बादल को फोन कर सुखबीर का हाल जाना। सुखबीर बादल पर 4 दिसंबर 2024 को भी हमला हुआ था। गोल्डन टेंपल में सेवादार की धार्मिक सजा भुगतने के दौरान उन पर फायरिंग की गई थी।