अमृतसर पुलिस ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में पांच आरोपियों में से तीन की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर सात अवैध पिस्तौल बरामद की गईं, जबकि दूसरे ऑपरेशन में दो आरोपियों से 2.03 किलो हेरोइन मिली। पुलिस के मुताबिक नेटवर्क के तार अमृतसर और तरनतारन में फैले हैं तथा विदेशी तस्करों से संबंधों की जांच जारी है।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सात अवैध पिस्तौल और 2.030 किलो हेरोइन बरामद की है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और उनसे अवैध हथियार प्राप्त कर अमृतसर व तरनतारन क्षेत्र में आगे सप्लाई करते थे। बरामद हथियारों में चार .30 बोर मेड इन चाइना और तीन 9एमएम मेड इन ऑस्ट्रिया पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परगट सिंह उर्फ पग्गा, जनबर सिंह, बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला, अमनदीप सिंह उर्फ अमन और बलविंदर सिंह उर्फ काला के रूप में हुई है।
पुलिस आयुक्त अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में परगट, जनबर और बलविंदर को पांच पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद हुईं। दूसरे ऑपरेशन में अमनदीप और बलविंदर काला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.03 किलो हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में एफआईआर थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दर्ज की गई हैं। विदेशी तस्करों से संबंधों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी होने की संभावना है।