पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर शहर के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध वस्तुओं की जांच, सीसीटीवी निगरानी और प्रमुख स्थानों पर चेकिंग जारी है। पुलिस ने नागरिकों से जांच में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।
पंचकूला (कपिल नागपाल) : स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने बताया कि शहर के होटलों, क्लबों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गहन चेकिंग की जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ पैदल गश्त बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग और प्रमुख स्थानों पर चेकिंग जारी है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने लोगों से सुरक्षा जांच में सहयोग करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना-चौकी को देने को कहा गया है।