गुलाबगढ़ रोड की महिलाओं के तीज समारोह में पारंपरिक संस्कृति के रंग देखने को मिले। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभा दिखाई, जबकि ज्योति ने ‘मिस तीज’ का खिताब अपने नाम किया। आयोजकों ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। रेखा सैनी और रीना सैनी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आपस में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को पंजाबी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डेराबस्सी : जीरकपुर-अंबाला रोड स्थित एक होटल में गुलाबगढ़ रोड की महिलाओं ने उत्साह और धूमधाम के साथ तीज का त्योहार मनाया। कार्यक्रम का आयोजन रेखा सैनी और रीना सैनी की ओर से किया गया। इस दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने मेहंदी, संगीत, नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ज्योति को मिस तीज के खिताब से नवाजा गया। वहीं, अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विजेता रहीं महिलाओं को आयोजकों ने उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पंजाबी परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। आयोजक रेखा सैनी और रीना सैनी ने कहा कि आधुनिक दौर में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखने के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरूरी हैं। इससे महिलाओं के बीच आपसी मेलजोल और भाईचारा भी बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से दोपहर के भोजन का आनंद लिया।
कैप्शन : डेराबस्सी में तीज समारोह के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं।