अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी पल्लवी मिश्रा ने योग्य मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष कैंप में पहुंचकर ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांचें। नाम नहीं होने या जानकारी में संशोधन की जरूरत होने पर फॉर्म-6, 6ए और 8 जमा किए जा सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से निर्धारित अवधि के भीतर किसी भी त्रुटि पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने को कहा है।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : भारत निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची 13 अगस्त को प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर तक सूची संबंधी दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि 16 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम एवं विवरण जांचने में सहायता करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिन योग्य मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है या जिनके विवरण में संशोधन आवश्यक है, वे आवश्यकतानुसार फॉर्म-6, फॉर्म-6ए एवं फॉर्म-8 जमा करवा सकते हैं। BLO द्वारा संबंधित प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी योग्य मतदाताओं से अपील की कि वे 16 अगस्त को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें और किसी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं ।