शहर में अवैध कब्जों और बिना अनुमति लगने वाली रेहड़ियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। इससे पहले फेज-6 में भी निगम की एन्क्रोचमेंट टीम पर हमले का मामला सामने आ चुका है। ताजा घटना के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है और कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मोहाली: शहर में सडक़ किनारे और बाजारों में लगने वाली अवैध रेहडिय़ों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली नगर निगम की टीम को एक बार फिर विरोध और धमकी का सामना करना पड़ा। 3बी2 मार्केट में रात के समय कार्रवाई करने पहुंची निगम की टीम के सामने निहंग बाने में रेहड़ी लगाने वाला व्यक्ति कथित तौर पर टीम से भिड़ गया। उसने पुलिस की मौजूदगी में निगम कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा, ‘जिसने सामान को हाथ लगाया, उसका गुट्ट वढ़ दूं।’ इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हो गया और आसपास मौजूद लोग भी घटनाक्रम देखकर हैरान रह गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में निहंग बाने में व्यक्ति निगम की टीम के साथ बहस करता दिखाई दे रहा है। जब निगम कर्मचारी रेहड़ी पर रखा सामान उठाने की कोशिश कर रहे थे तो वह विरोध करता नजर आया और कथित तौर पर उन पर हमला करने की कोशिश करता दिखाई दिया। मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद नजर आ रहे हैं। पुलिस के सामने हुई इस घटना के बाद काफी देर तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।
अवैध रेहडिय़ों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बढ़ रहा विरोध
नगर निगम की टीम की ओर से शहर की सडक़ों और बाजारों में यातायात में बाधा बनने वाली और बिना अनुमति लगाई गई रेहडिय़ों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। टीम सामान जब्त करने पहुंचती है तो कई बार रेहड़ी संचालकों की ओर से विरोध किया जाता है। निगम कर्मचारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान उन्हें कई बार धमकियों और विरोध का सामना करना पड़ता है। 3बी2 की घटना ने एक बार फिर निगम की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस बार पुलिस की मौजूदगी में निगम टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और धमकी का मामला सामने आया है।
फेज-6 में भी निगम टीम पर हो चुका है हमला
यह पहला मामला नहीं है जब अवैध रेहडि़य़ों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले फेज-6 में सब्जी की रेहडिय़ों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान भी निगम की एन्क्रोचमेंट टीम पर कथित तौर पर डंडों और लाठियों से हमला किए जाने का मामला सामने आया था। उस समय कर्मचारियों को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच निगम की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 3बी2 की ताजा घटना में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद निगम टीम को दी गई कथित धमकी का वीडियो सामने आने के बाद अब मामले में पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।
वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। धमकी का स्वत संज्ञान लेते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सौरव जिंदल, एसपी जांच मोहाली