डेराबस्सी में हुई कांग्रेस बैठक में पार्टी नेताओं ने पंजाब में राहुल गांधी के लंबे प्रचार दौरे की मांग रखी। उनका कहना था कि युवाओं में राहुल गांधी को लेकर उत्साह है और उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। डा. जयहिंद ने शिक्षा व्यवस्था और केंद्र की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस की विचारधारा और महात्मा ज्योतिराव फुले के विचारों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
डेराबस्सी : ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओबीसी विभाग के चेयरमैन डा. अनिल जयहिंद ने कहा कि देश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इसके मुकाबले भाजपा का ग्राफ नीचे आ रहा है। वह डेराबस्सी में पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता अमित बावा सैणी के कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान संबोधित कर रहे थे।
डा. जयहिंद ने दावा किया कि हाल के सर्वेक्षणों में राहुल गांधी की लोकप्रियता 55 से 58 प्रतिशत तक पहुंची है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता 42 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस गंभीरता और धैर्य के साथ युवाओं सहित विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं, उससे उनके प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।
देश की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए डा. जयहिंद ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के कार्यकाल में सीमित संसाधनों के बावजूद देश में उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े बड़े संस्थानों की नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार का बजट 53 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आम परिवारों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों की सराहना करते हुए दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में देश पर कर्ज कई गुना बढ़ा है।
बैठक में डेराबस्सी क्षेत्र में महात्मा ज्योतिराव फुले की विचारधारा और उनके सम्मान को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन प्रयासों को पार्टी स्तर पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
राहुल गांधी के पंजाब में लंबे प्रचार दौरे की मांग
बैठक के दौरान पंजाब के कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से प्रदेश में 10 से 15 दिन का प्रचार दौरा करने की मांग भी रखी। नेताओं का कहना था कि पंजाब के युवाओं में राहुल गांधी को लेकर उत्साह है और उनके लंबे दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता अमित बावा सैणी सहित स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।