देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए भारत सरकार ने ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य व्यक्ति और बच्चे 15 अगस्त 2026 तक पुरस्कारों के लिए नामांकित किए जा सकते हैं। अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर ने नागरिकों से समाज और राष्ट्र के लिए असाधारण योगदान देने वाली हस्तियों की पहचान कर उन्हें सम्मान के इस मंच तक पहुंचाने की अपील की।
अमृतसर (उप्पल) : भारत सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और बच्चों को देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार (पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री) से सम्मानित करने के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 15 अगस्त 2026 तक अपना नामांकन ऑनलाइन भेज सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलबिंदरजीत सिंह (आईएएस) ने बताया कि कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले योग्य व्यक्ति तथा बच्चे पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया, पात्रता, दिशा-निर्देश तथा आवेदन से संबंधित सभी जानकारी भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in पर उपलब्ध है।
इच्छुक उम्मीदवार या नामांकनकर्ता 15 अगस्त 2026 तक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास ऐसी प्रेरणादायी हस्तियों की पहचान करें, जिन्होंने समाज और देश के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है, तथा उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।