फिरोजपुर मंडल ने जुलाई 2026 में टिकट नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 34,410 यात्रियों को पकड़ा गया और करीब ₹2.71 करोड़ राजस्व जुटाया गया। स्वच्छता नियम तोड़ने पर भी 137 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मंडल अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छ सफर सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अमृतसर (उप्पल) : फिरोजपुर रेलवे मंडल ने जुलाई 2026 में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर 34,410 यात्रियों को पकड़ा। इनसे जुर्माने के रूप में करीब 2.71 करोड़ रुपये का राजस्व वसूला गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा रोकने के लिए टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। टिकट चेकिंग स्टाफ ने नियमित जांच के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की।
रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विशेष जांच की गई। जुलाई माह में स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 137 यात्रियों के खिलाफ एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 53 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे का उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी अज्ञात व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लेने की अपील की है।