पंजाब फॉरेस्ट वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर वन कर्मचारियों ने वन रेंज कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी और सेवा संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। यूनियन ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न मिलने पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
डेराबस्सी : बकाया वेतन जारी न होने और लंबित मांगों के समाधान को लेकर मंगलवार को डेराबस्सी स्थित वन रेंज कार्यालय के बाहर वन कर्मियों ने रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन पंजाब फॉरेस्ट वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान अमरीक सिंह गढ़शंकर के आह्वान पर आयोजित किया गया।
वन रेंज डेराबस्सी के नेताओं शिंदर सिंह और अमनदीप कराला के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची में मौजूद त्रुटियों को भी जल्द दूर कर संबंधित आदेश जारी किए जाएं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 10 अगस्त को प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट के कार्यालय, वन भवन, सेक्टर-68, मोहाली के बाहर धरना दिया जाएगा।
प्रदर्शन में नत्थू खान, दिलावर खान, बलविंदर सिंह सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।