तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने असम के शिवसागर जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद नड्डा नगालैंड और गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे।
डिब्रूगढ़/शिवसागर (Naren Danu) : पूर्वोत्तर में बाढ़ से बने हालात के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को असम के सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिले का दौरा किया। हेलीकॉप्टर से नेपाली खूंटी गांव पहुंचने के बाद उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान नड्डा के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, मंत्री केशव महंत, मंत्री पीयूष हजारिका सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का भी जायजा लिया तथा अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
नगालैंड और अरुणाचल का भी करेंगे दौरा
शिवसागर दौरे के बाद नड्डा नगालैंड के मोन जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। वहां राहत कार्यों की समीक्षा करने के बाद वह डिब्रूगढ़ लौटेंगे, जहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा करेंगे। बुधवार रात उनका प्रवास डिब्रूगढ़ में ही रहेगा।
दौरे के अंतिम चरण में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली पहुंचेंगे। यहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का जायजा लेंगे। इसके बाद इटानगर में राज्य सरकार के साथ समीक्षा बैठक कर वह गुवाहाटी के रास्ते नई दिल्ली लौटेंगे।