गाजियाबाद-नई दिल्ली सेक्शन पर पटरी से उतरे छह मालवाहक डिब्बे, वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील।
नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के छह भरे हुए डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। हादसे के बाद रेलवे ने तत्काल राहत और बहाली अभियान शुरू करते हुए प्रभावित ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव किए हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
उत्तर रेलवे के अनुसार दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और ट्रैक बहाली कार्य की निगरानी शुरू कर दी। रेलवे का कहना है कि हादसे के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 16 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 24 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित, पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त तथा आठ ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया गया है।
रेलवे ने गाजियाबाद-दिल्ली और नई दिल्ली के बीच चलने वाली कई ईएमयू एवं पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया है। वहीं कुछ ट्रेनों के प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ सेवाओं को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर सामान्य रेल संचालन बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।