लुधियाना/यूटर्न/21 जुलाई। लुधियाना के वॉर्ड 26 से कांग्रेस पार्टी के पार्षद गौरव भट्टी को विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल पर जान से मारने की धमकी मिली है। कॉलर ने पार्षद को जातिसूचक शब्द बोले। जिसके बाद परिवार की महिलाओं के खिलाफ भी गलत टिप्पणी की। जिसके बाद कॉलर द्वारा एक धमकी भरी ऑडियो भी भेजी गई। जिसके चलते नेता द्वारा इस संबंधी पुलिस को सूचित किया गया। थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने पार्षद गौरव भट्टी की शिकायत के आधार पर विनय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में वार्ड नंबर 26 के कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने बताया कि 22 जून को उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। यह नंबर कजाकिस्तान का दिखाई दे रहा था। कॉल रिसीव करते ही आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। पार्षद के अनुसार, आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं और उनकी जाति को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, आरोपी ने उनके परिवार की महिलाओं के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किया। पार्षद गौरव भट्टी ने पुलिस को बताया कि फोन कॉल कटने के बाद भी आरोपी ने उन्हें परेशान करना जारी रखा। आरोपी ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर कई धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे, जिनमें उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की बातें कही गई थीं।
---