काउंटर इंटेलिजेंस और थाना महलकलां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियारों सहित गिरफ्तारी; आरोपियों के कब्जे से .32 बोर और .25 बोर पिस्तौल बरामद, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
बरनाला (Naren Danu) : बरनाला जिले के महलकलां में मंगलवार सुबह पुलिस और कथित गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना महलकलां प्रभारी इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह और काउंटर इंटेलिजेंस टीम को आरोपितों के इलाके में आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने महलकलां के पुराने टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर दी।
इसी दौरान एक वर्ना कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवारों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर खेतों में जा घुसी।
पुलिस का आरोप है कि कार में मौजूद एक युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपितों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अश्वीर सिंह उर्फ अर्शी निवासी गांव बख्तगढ़, जिला बरनाला और गुरशरण सिंह निवासी गांव रौंता, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से .32 बोर की पिस्तौल और .25 बोर की पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, अश्वीर सिंह उर्फ अर्शी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे बरनाला पुलिस ने पहले से भगोड़ा घोषित किया हुआ था। पुलिस उसे इलाके का सक्रिय गैंगस्टर बता रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।