भगवंत मान सरकार की पहल को बताया महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम, मंत्री बलजीत कौर बोलीं- सुविधा से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी; भविष्य में भी जनहित योजनाएं जारी रखने का भरोसा
चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब सरकार की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना लगातार लोकप्रिय हो रही है। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक इस योजना पर 298 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य की महिलाएं हर महीने करीब 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राओं का लाभ उठा रही हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुफ्त यात्रा सुविधा से महिलाओं पर आने-जाने का आर्थिक दबाव कम हुआ है और वे शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए आसानी से यात्रा कर पा रही हैं।
मंत्री ने बताया कि यह सुविधा सरकारी बसों में उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिला है। उन्होंने कहा कि योजना के कारण महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ी है और उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में भी महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।