75 अमृत भारत स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन, संत रविदास एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी; सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर
जालंधर (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। करीब 75 मिनट के इस दौरे के दौरान वह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और अमृतसर-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री दोपहर बाद आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पीएपी परिसर स्थित हेलीपैड पर आएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर स्टेशन और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, ट्रेनों की आवाजाही रहेगी प्रभावित
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर एसपीजी, पंजाब पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टेशन परिसर का कई बार निरीक्षण किया है। सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोका जा सकता है। स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही भी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नियंत्रित रहेगी।
रवनीत बिट्टू ने तैयारियों की समीक्षा की
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो पार्किंग, यातायात, प्रवेश-निकास, सुरक्षा और आम लोगों की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगी।
उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यक्रम रेलवे स्टेशन के एयर कॉन्कोर्स में होगा, जबकि भाजपा का कार्यक्रम स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में आयोजित किया जाएगा।
117 विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता
भाजपा ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की तैयारी की है। पार्टी के अनुसार पंजाब की 117 विधानसभा सीटों से बसों के जरिए करीब 10 हजार कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को भी कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है।
125 करोड़ से बदली जालंधर कैंट स्टेशन की तस्वीर
करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। स्टेशन पर डबल-हाइट एयर कॉन्कोर्स, नए फुटओवर ब्रिज, आठ एस्केलेटर, दस लिफ्ट, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष सुविधाएं, हेल्प डेस्क, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, विस्तारित पार्किंग और वर्षा जल संरक्षण जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन को ऊर्जा दक्ष और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सोलर पैनल और आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट सिस्टम भी स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संभावित समय
3:40 बजे: पीएपी हेलीपैड पर आगमन
3:55 बजे: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे
3:55 से 4:30 बजे: स्टेशन का लोकार्पण, 75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन और संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी
4:30 से 5:15 बजे: जनसभा को संबोधन
5:15 बजे: जालंधर से रवाना होंगे।