सीआईडी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पूछताछ के बाद डिटेंशन सेंटर भेजी गई; भारत में प्रवेश के नेटवर्क की जांच जारी
अजमेर (Naren Danu) : राजस्थान के अजमेर में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रह रही एक बांग्लादेशी युवती को गिरफ्तार किया है। सीआईडी जोन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में युवती को क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र के एक होटल से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार युवती की पहचान मीम अख्तर, पुत्री अब्दुल सत्तार, निवासी कोदालिया, पांकुदिया थाना क्षेत्र, किशोरगंज जिला (ढाका संभाग), बांग्लादेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि वह अवैध तरीके से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थी। उसने पुलिस को बताया कि वह एक दिन पहले ही अजमेर पहुंची थी। इससे पहले वह जयपुर और ब्यावर में काम की तलाश में रह चुकी है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल जांच में उसके किसी संदिग्ध संगठन या आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने भारत में किस रास्ते से प्रवेश किया, यहां किसके संपर्क में रही और उसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने युवती को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।