पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा संकट के खिलाफ युवा कांग्रेस-NSUI के अभियान को दिया पूर्ण समर्थन का संदेश
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी शैक्षणिक अभियान ‘छात्रों की गूंज’ को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन से पूर्ण सहयोग का आह्वान किया है।
राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, विभाग प्रमुखों तथा जिला एवं शहर इकाई अध्यक्षों को पत्र जारी कर निर्देश दिया कि वे इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को पूरा सहयोग प्रदान करें।
अपने पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, खाली पदों की स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की महंगी होती लागत ने देश के युवाओं और उनके परिवारों को गंभीर संकट में डाल दिया है। उन्होंने कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा शिक्षा प्रणाली छात्रों पर अत्यधिक दबाव डाल रही है और कई परिवार आर्थिक बोझ तले दबते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ हो रहे इस “शोषण” की वास्तविकता को सामने लाना और देशभर में एक संगठित संदेश देना आवश्यक है। राहुल गांधी ने संगठन से अपील की कि सभी स्तरों पर मिलकर इस अभियान को मजबूत किया जाए, ताकि युवाओं के लिए एक बेहतर और अवसर-आधारित शिक्षा एवं रोजगार व्यवस्था की नींव रखी जा सके।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से देश के युवाओं की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाना और उनके हितों की रक्षा के लिए एक व्यापक आंदोलन तैयार करना समय की जरूरत है।