20 करोड़ डाउनलोड वाले ऐप में हेल्थ रिकॉर्ड, आभा आईडी, एआई फीचर्स और अस्पताल लोकेटर जैसी कई नई सुविधाएं होंगी शामिल
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा सोमवार को ‘आरोग्य सेतु 2.0’ ऐप लॉन्च करेंगे। यह ऐप अब केवल कोरोना संबंधी जानकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों के लिए एक व्यापक वन-स्टॉप डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत विकसित इस नए संस्करण का उद्देश्य लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी प्रमुख डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। करीब 20 करोड़ डाउनलोड वाले आरोग्य सेतु ऐप को अब देश के डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम का प्रमुख प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस ऐप के माध्यम से उपयोगकर्ता अपनी आभा हेल्थ आईडी बना सकेंगे और अपने मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट तथा उपचार से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रख सकेंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें डॉक्टरों के साथ आसानी से साझा भी किया जा सकेगा। यदि किसी के पास लैब रिपोर्ट या मेडिकल दस्तावेज़ पीडीएफ या फोटो के रूप में उपलब्ध हैं, तो ऐप में मौजूद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उन्हें पढ़कर डिजिटल रिकॉर्ड में बदल देगा और एक व्यक्तिगत हेल्थ डैशबोर्ड तैयार करेगा।
ऐप में हार्ट रेट, ब्लड शुगर, कदमों की संख्या, कैलोरी सहित अन्य स्वास्थ्य संकेतकों को ट्रैक करने की सुविधा भी होगी। इसे स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड जैसे वेयरेबल डिवाइस से भी जोड़ा जा सकेगा। साथ ही मेडिकेशन रिमाइंडर फीचर उपयोगकर्ताओं को दवा लेने का समय और मात्रा की जानकारी देगा।
एक ही ऐप में माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड जोड़कर पूरे परिवार का डेटा एक जगह देखा और प्रबंधित किया जा सकेगा। जीपीएस आधारित सिस्टम के जरिए नजदीकी अस्पताल, क्लिनिक, डॉक्टर और डायग्नोस्टिक सेंटर भी खोजे जा सकेंगे।
इसके अलावा ई-रक्तकोष सुविधा के माध्यम से ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। पीएम-जेएवाई वॉलेट फीचर से उपयोगकर्ता यह देख सकेंगे कि उनके परिवार को इलाज के लिए कितना कवरेज उपलब्ध है और कितना उपयोग हो चुका है। निजी स्वास्थ्य बीमा की जानकारी और क्लेम स्टेटस भी ऐप पर उपलब्ध रहेगा।
ऐप में ‘माय कंसेंट’ फीचर के जरिए स्वास्थ्य डेटा साझा करने का पूरा नियंत्रण उपयोगकर्ता के पास रहेगा और उसकी अनुमति के बिना कोई भी जानकारी साझा नहीं की जा सकेगी।