पंचकुला 05 Feb : एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पंचकुला की टीम ने इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में वाहन चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी की गई एक्टिवा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोबर पुत्र जान मोहम्मद, निवासी गांव पत्तन, थाना पिंजौर, जिला पंचकुला (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-05 पंचकुला में दिनांक 11 दिसंबर 2025 को प्रवीन कुमार निवासी सुषमा इलाइट क्रॉस, ढकौली जिला मोहाली (पंजाब) द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि उनकी एक्टिवा सेक्टर-05 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम की पार्किंग से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा धारा 303 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। काफी दिनों तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा व जांच जारी रही।
मामले की जाँच के दौरान, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पंचकुला को गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर आरोपी मनोबर को काबू कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी से एक्टिवा बरामद करके,दस्तावेजों को विधि अनुसार पुलिस कब्जे में लिया गया।
चोरीशुदा वाहन की बरामदगी होने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पंचकुला ने आमजन से अपील की है कि वाहन चोरी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।