ज़ीरकपुर 04 Feb : शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ ज़ीरकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओरा स्पा सेंटर, फॉरएवर स्पा सेंटर और होटल चिराग को सील कर दिया है। पुलिस की इस रेड के दौरान मौके से सात युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में एएसपी ग़ज़लप्रीत कौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ इमोरल ट्रैफिकिंग एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में सिर्फ होटल मैनेजर ही नहीं, बल्कि संबंधित प्रॉपर्टी मालिकों को भी नामजद कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ग़ज़लप्रीत कौर के अनुसार पुलिस रेड से पहले कुछ युवतियां मौके से फरार हो चुकी थीं। वहीं होटल मैनेजर भी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि ज़ीरकपुर पुलिस की प्राथमिकता शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है। किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसएचओ ज़ीरकपुर द्वारा लगातार गश्त भी की जा रही है।
एएसपी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस तरह की गलत गतिविधियों और सेवाओं से दूर रहें। उन्होंने कहा, “इंसान कोई वस्तु नहीं है। महिला का अपना सम्मान और स्वाभिमान है। युवाओं को चाहिए कि वे पढ़ाई और सकारात्मक कार्यों पर ध्यान दें और समाज व प्रदेश का नाम रोशन करें।”
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।