राजदीप सिंह सैनी
लुधियाना/यूटर्न/16 जुलाई। जीटी रोड ग्यासपुरा के पास मोंगा टायर्स फर्म के सेल्समैन ने फर्म के साथ ही 31.27 लाख रुपए की ठगी कर ली। सेल्समैन ने कई कंपनियों को टायर एंड व्हील बेचकर उसकी पेमेंट अपने और जानकारों के खातों में ट्रांसफर करके अमानत में खियानत कर डाली। जब सेल्स मैनेजर को इसकी जानकारी मिली तो उसने पुलिस को शिकायत दी। थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने ग्यासपुरा चौक के सुखजीत सिंह भिंडर की शिकायत पर गुरपाल नगर के नितिन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई बिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुखजीत सिंह भिंडर ग्यासपुरा जीटी रोड पर स्थित मोंगा टायर प्राइवेट लिमिटेड में बतौर सेल्स मैनेजर के तौर पर नौकरी करता है। जबकि आरोपी उक्त फर्म में बतौर सेल्समैन नौकरी करता था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी द्वारा लंबे समय तक फर्म में काम किया गया। उसकी और से नौकरी के दौरान अलग-अलग फर्मों को टायर और व्हील सेल किए गए थे। जिसकी कुल रकम 31 लाख 27 हजार 850 रुपए आई। लेकिन आरोपी द्वारा उक्त रकम फर्म के खाते में डलवाने की जगह अलग अलग समय में अपने और अपने जानकारों के खातों में ट्रांसफर करवाकर अमानत में खियानत की। जब शिकायतकर्ता ने फर्म का रिकॉर्ड चैक किया तो उसमें रकम का फर्क लगा। शक होने पर गहनता से जांच की गई तो उक्त आरोपी की ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
---