पंजाब/यूटर्न/16 जुलाई। कपूरथला के गांव नंगल लुबाना में कार से कपड़ों पर पानी के छींटे पड़ने का विरोध करने पर एक युवक पर चार युवकों ने तेजधार हथियारों से वार करके हत्या कर दी। सूचना मिलते ही बेगोवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान गांव बेगोवाल के रहने वाले गुरमीत सिंह(38) के रुप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता भजन सिंह के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गांव डाला के समीर उर्फ सैम और रायपुर पीर बख्श निवासी सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव के रूप में हुई थी। वारदात के समय कार समीर चला रहा था। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित पिता भजन सिंह ने बताया कि वह पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे हैं गुरमीत सिंह और इंद्रजीत सिंह है। छोटा बेटा इंद्रजीत सिंह अमेरिका में रहता है, जबकि बड़ा बेटा गुरमीत सिंह गांव में ही रहकर पिता के साथ खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटाता था।
पहले धमकी देकर चले गए
भजन सिंह के अनुसार यह विवाद 15 जुलाई की रात करीब आठ बजे हुआ। गुरमीत सिंह और उसका भतीजा हरप्रीत सिंह नंगल लुबाना में अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक काले रंग की सुजुकी ब्रीजा गाड़ी बेहद तेज रफ्तार से वहां से गुजरी। सड़क पर जमा बारिश के पानी के छींटे गुरमीत सिंह के कपड़ों पर पड़ गए। जब गुरमीत ने गाड़ी रुकवाकर इस पर आपत्ति जताई, तो कार सवार युवक बहसबाजी और धमकियां देते हुए वहां से चले गए।
पेट्रोल पंप जाते हुए किया हमला
भजन सिंह अनुसार रात करीब 9 बजे वे उनका बेटा गुरमीत और भतीजा हरप्रीत मुंडी रोड अड्डे पर खड़े थे, तभी बेगोवाल की तरफ से वही काले रंग की ब्रीजा कार आकर रुकी। कार में से इस बार चार लड़के उतरे, जिनमें से तीन के हाथों में तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने गुरमीत को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए और फिर मौके से फरार हो गए। ज्यादा चोटें आने के कारण गुरमीत की मौत हो गई।
-----