कमेटी करेगी वेंडिंग जोन की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण, खराब सुविधाओं पर निगम से मांगी जाएगी रिपोर्ट
चंडीगढ़ (Naren Danu) : शहर में वेंडिंग जोन और मॉडल वेंडिंग जोन की बदहाल स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने उनकी जमीनी हकीकत का आकलन करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी विभिन्न वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और वेंडरों के लिए अनुकूल वातावरण की समीक्षा करेगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा कि मौजूदा वेंडिंग जोन में सुधार किया जाए या नई साइटों को अंतिम रूप दिया जाए।
शहर के कई सेक्टरों में वेंडिंग जोन के नाम पर केवल बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि अंदर की स्थिति बेहद खराब है। अधिकांश स्थानों पर घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में वेंडरों के लिए वहां व्यवसाय शुरू करना मुश्किल है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि वेंडर वहां बैठ भी जाएं तो ग्राहकों की आवाजाही कैसे सुनिश्चित होगी। सेक्टर-52 और सेक्टर-49 के वेंडिंग जोन की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक बताई जा रही है।
नगर निगम द्वारा 18 जुलाई को वेंडरों के लिए ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद पात्र वेंडरों को नई साइटें और वेंडिंग जोन आवंटित किए जाएंगे। ड्रॉ से पहले टाउन वेंडिंग कमेटी की ओर से गठित टीम सभी प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण करेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वेंडरों को ऐसी जगह आवंटित की जाए जहां वे सुचारु रूप से अपना व्यवसाय चला सकें।
यह प्रक्रिया इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वर्ष 2020 की अधिसूचना रद्द होने से 789 वेंडर 'एसेंशियल सर्विस प्रोवाइडर' श्रेणी से बाहर हो गए हैं। अब उन्हें 'नॉन-एसेंशियल सर्विस प्रोवाइडर' श्रेणी में शामिल किया गया है, जिसके चलते उन्हें मौजूदा स्थानों से हटाकर निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करना आवश्यक हो गया है।
नगर निगम का उद्देश्य शहर में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करना और वेंडरों को नियमानुसार स्थान उपलब्ध कराना है। हालांकि, वेंडर संगठनों का कहना है कि जब तक वेंडिंग जोन में सड़क, फेंसिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और ग्राहकों की पहुंच जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित नहीं की जातीं, तब तक इन स्थानों पर कारोबार चलाना व्यावहारिक नहीं होगा। ऐसे में कमेटी की रिपोर्ट के बाद वेंडिंग जोन के विकास को लेकर अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।