एनसीसी को मजबूत बनाने के लिए राज्यों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार का सुझाव
नई दिल्ली (Naren Danu) : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और सैनिक स्कूलों के विस्तार के लिए राज्यों की अधिक भागीदारी और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उपराष्ट्रपति भवन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक राज्य में तीन से पांच सैनिक स्कूल स्थापित करने का लक्ष्य तय किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने लगभग 20 लाख कैडेटों वाले एनसीसी के विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। उपराष्ट्रपति ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविर, ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी को सशक्त बनाना पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे, भूमि और प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास के लिए राज्य सरकारों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही, मौजूदा सैनिक स्कूलों में प्रवेश क्षमता बढ़ाने और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के माध्यम से नए सैनिक स्कूल स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने का सुझाव दिया।