लुधियाना/यूटर्न/13 जुलाई। घुमार मंडी स्थित नेशनल रोड पर सोमवार को एक एक्टिवा और बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद एक्टिवा को अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली और पूरी एक्टिवा को चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पीड़ित अखिलेश ने बताया कि वह पार्किंग से अपनी एक्टिवा निकालकर पास की गली में जा रहा था। उसे अपने मालिक के घर सामान पहुंचाना था। जैसे ही वह मुख्य सड़क पर पहुंचा, पीछे से आए एक बाइक सवार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर दूर जाकर गिर गया, जबकि एक्टिवा जमीन पर गिरते ही आग लग गई। अखिलेश ने बताया कि हादसे से करीब आधा घंटा पहले ही उसने स्कूटी की पेट्रोल टंकी फुल करवाई थी। आग लगने के बाद उसने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
---