एनसीडब्ल्यू ने जिला प्रशासन और पुलिस को दिए निर्देश, अवैध होटलों पर कार्रवाई और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : राजस्थान के श्रीगंगानगर में नाबालिग बच्ची से कथित गैंगरेप और मानव तस्करी के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से 15 दिनों के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
बुधवार को आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मामले की समीक्षा करते हुए जांच और कानूनी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर प्रशासन और पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है, इसलिए जांच जल्द पूरी कर समयबद्ध तरीके से चार्जशीट दाखिल की जाए, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।
आयोग के अनुसार, अब तक विशेष जांच दल (एसआईटी) होटल मालिकों, प्रबंधकों सहित 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है। एनसीडब्ल्यू ने शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग ने जिला प्रशासन को जिले में संचालित सभी अवैध और बिना पंजीकरण वाले होटलों के खिलाफ 15 दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही पुलिस को यह जांच करने के निर्देश दिए गए हैं कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद स्थानीय निगरानी व्यवस्था कैसे विफल रही।
आयोग ने पीड़िता से जुड़े वीडियो और अन्य सामग्री को सोशल मीडिया से तत्काल हटाने तथा उन्हें प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा पीड़िता की सुरक्षा, समुचित उपचार, पुनर्वास और आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने पर भी जोर देते हुए आयोग ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।