एफआईआर दर्ज करने के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये, शिकायत के बाद ट्रैप लगाकर हुई कार्रवाई
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा जिले के थाना तलवंडी साबो में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) बलजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ गांव बीड़ तलाब निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के रिश्तेदार और दूसरे पक्ष के बीच जमीन पर खेती को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में शिकायतकर्ता के रिश्तेदार घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए एम्स बठिंडा में भर्ती कराया गया था।
प्रवक्ता के अनुसार, एएसआई बलजीत सिंह घायल के बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने कार्रवाई के लिए शुरुआत में 2 हजार रुपये रिश्वत ली। बाद में जब शिकायतकर्ता ने मामले की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी एएसआई ने हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की।
शिकायतकर्ता ने आरोपी को बताया कि वह केवल 10 हजार रुपये की व्यवस्था कर सकता है, लेकिन एएसआई ने बाकी रकम का इंतजाम करने के लिए कहा। इस दौरान शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और मामले की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा को कर दी।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप लगाया और एएसआई बलजीत सिंह को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में आरोपी एएसआई के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।