अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत एयरपोर्ट जैसी मिली नई पहचान, यात्रियों के लिए 10 लिफ्ट और 8 एस्केलेटर की सुविधा
जालंधर (Narendra Singh Danu) : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया गया जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जुलाई को स्टेशन का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) राजेश कुमार पांडे ने स्टेशन का निरीक्षण किया और निर्माण से जुड़े शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उद्घाटन को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो भी निर्देश रेलवे बोर्ड और केंद्र सरकार से मिलेंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एयरपोर्ट जैसी लुक, आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 2022 के अंत में शुरू हुआ था। परियोजना को करीब ढाई साल में पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य में लगभग डेढ़ से दो साल की देरी हुई।
अब स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। बाहरी हिस्से को एयरपोर्ट जैसी डिजाइन दी गई है, जबकि अंदर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन पर 10 लिफ्ट और 8 एस्केलेटर लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में आसानी होगी।
इसके अलावा वातानुकूलित प्रतीक्षालय (एसी वेटिंग हॉल), डिजिटल सूचना डिस्प्ले और बड़ी एलईडी स्क्रीन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनसे यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
यात्रियों ने सराहा नया स्वरूप
स्टेशन का नवीनीकरण पूरा होने के बाद यात्रियों ने इसकी आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप की सराहना की। उनका कहना है कि पहले की तुलना में स्टेशन अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बन गया है।
अब जालंधर सिटी स्टेशन की बारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जालंधर कैंट के बाद अब जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन का भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जाएगा। फिलहाल इसकी तैयारियां चल रही हैं।
हालांकि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रेलवे की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।