मोहाली/यूटर्न/4 जुलाई। चंडीगढ़ स्थित सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच (एससीबी) लुधियाना ने करीब 15 साल पुराने अवतार सिंह तारी हत्याकांड को सुलझाने के लिए एक्शन मोड में आई है। अब सीबीआई ने वारदात में शामिल एक मुख्य संदिग्ध हमलावर का स्केच जारी किया है। इसके साथ ही, आरोपी की गिरफ्तारी या मामले को सुलझाने में सहयोग करने वाले वाले को 2 लाख रुपए इनाम की घोषणा की है। सीबीआई ने इस संबंधी जानकारी शेयर करने के लिए अपने मोबाइल नंबर जारी किए हैं। सीबीआई का दावा है कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
11 गोलियां दागीं थी तारी पर
घटना 12 अप्रैल 2011 की है। नामधारी संप्रदाय के अनुयायी अवतार सिंह तारी पर लुधियाना जिले के कटानी कलां-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए खतरनाक एके-47 राइफल का इस्तेमाल किया था। इस भीषण हमले में अवतार सिंह तारी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
उत्तराधिकार को लेकर नामधारी गुटों में संघर्ष
हमलावरों ने पीड़ित के शरीर में एके-47 राइफल से 11 गोलियां दागीं थी। उस समय की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हत्या को नामधारी संप्रदाय के उत्तराधिकार को लेकर नामधारी गुटों के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़ा था। मोहाली निवासी अवतार सिंह, सतगुरु जगजीत सिंह के दामाद संत जगतार सिंह के करीबी सहयोगी थे। उस समय पुलिस ने इस संबंधी साहनेवाल पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अवतार सिंह के बहनोई बलवंत सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
---