पंजाब/यूटर्न/4 जुलाई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कथित विवादित वीडियो को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) सख्त हो गई है। इसको लेकर रविवार, 5 जुलाई को गोल्डन टेंपल परिसर स्थित मंजी साहिब में एक विशाल पंथक एकत्र आयोजित करने का ऐलान किया है। एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन ने मीडिया को बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। संगत से अपील की गई है कि वे सुबह 10:30 बजे तक मंजी साहिब पहुंच जाएं। एसजीपीसी के अनुसार, इस पंथक एकत्र में विभिन्न धार्मिक और पंथक संगठनों की भागीदारी रहेगी। इनमें टकसालें, निहंग सिंह जत्थेबंदियां, कार सेवा संस्थाएं, निर्मला संप्रदाय, सिंह सभाएं और अन्य सिख संगठन शामिल होंगे। कुलवंत सिंह मनन ने कहा कि हाल ही में सामने आई मुख्यमंत्री भगवंत मान की विवादित वीडियो को लेकर सिख समाज में गहरा रोष है। इसी विषय पर विचार-विमर्श करने और आगे की रणनीति तय करने के उद्देश्य से यह पंथक एकत्र बुलाया गया है।
---