पंजाब/यूटर्न/2 जुलाई। पटियाला पुलिस को राजपुरा स्थित लक्ष्मी प्रॉपर्टी कार्यालय पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद वारदात को अंजाम देने वाले दो कथित शूटरों को धर दबोचा है। क्रॉस-फायरिंग के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस गैंग के मुख्य सरगनाओं और इस नेटवर्क के पीछे छिपे सफेदपोश चेहरों का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
बीड़ के जंगलों के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार सीआईए स्टाफ पटियाला व सीआईए स्टाफ समाना की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में इस गुप्त ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पटियाला-संगरूर बाईपास स्थित जंगली बीड़ के पास घेरा, जहाँ आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। गिरफ्तार किए गए शूटरों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और जसकरण सिंह के रूप में हुई है। यह दोनों मूल रूप से जिला कपूरथला के गांव हमीरा के रहने वाले हैं।
---