लुधियाना/यूटर्न/2 जुलाई। खन्ना स्थित ग्रीनलैंड होटल में प्रेमी जोड़े के शव मिलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के साथ एक तीसरा व्यक्ति भी होटल आया था, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपनी गारंटी पर कमरा दिलवाया। घटना से पहले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें महिला उसका प्रेमी और साथी नजर आ रहा है। इस फुटेज के बाद पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार को होटल के कमरे में प्रेमी ने प्रेमिकी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी सुसाइड कर लिया था। दोनों के सिर में गोली लगी थी। पुलिस को मौके से मौके से एक पिस्टल मिली है। बुधवार तड़के ही वह होटल में पहुंचे थे। इनकी पहचान मनजीत सिंह मक्खू (फिरोजपुर) और उसकी प्रेमिका हरप्रीत कौर निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। दोनों शादीशुदा थे।
हरियाणा नंबर की टैक्सी से होटल में पहुंचे
1 जुलाई तड़के करीब 3 बजे मनजीत सिंह और उसकी प्रेमिका हरप्रीत कौर हरियाणा नंबर की टैक्सी से ग्रीनलैंड होटल पहुंचे। उनके साथ तीसरे व्यक्ति ने खुद को मुलाजिम बताया और जिम्मेदारी पर कमरा दिलाया। उसके भरोसे पर होटल कर्मचारियों ने न तो दोनों के पहचान पत्र लिए और न ही रजिस्टर में उनकी कोई एंट्री की। करीब नौ घंटे तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। दोनों ने न रिसेप्शन पर कोई कॉल की, न नाश्ता मंगवाया और न ही किसी अन्य सेवा की मांग की। लंबे समय तक कोई गतिविधि न होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया।
----