शिक्षा, पर्यावरण और लद्दाख मुद्दों पर सुधार की मांग, “कॉकरोच जनता पार्टी” अभियान भी शामिल
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। सोमवार को अनशन के दूसरे दिन उन्होंने देशवासियों से इस आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।
सोशल मीडिया अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वांगचुक केवल नमक और पानी के सहारे अनशन पर बैठे हैं। उनके समर्थन में कई लोग स्थल पर 3 से 5 दिन का उपवास भी कर रहे हैं।
वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा कि उनका यह अनशन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और लद्दाख से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों, शहरों और गांवों में रहने वाले लोगों से इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने-अपने क्षेत्रों में एक दिन का उपवास रखकर इस आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाएं। वांगचुक ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक क्षेत्र का नहीं बल्कि पूरे देश की बुनियादी जरूरतों से जुड़ा है।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे वांगचुक ने कथित नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग भी उठाई है। यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर जारी सीजेपी के धरने का हिस्सा बताया जा रहा है।