शिवराज सिंह चौहान बोले- छह करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य, 10 लाख करोड़ रुपये का बैंक लिंकिंग रोडमैप तैयार
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'लखपति दीदी डैशबोर्ड' और 'शी लीप्स' डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखपति दीदी योजना का लक्ष्य तीन करोड़ से बढ़ाकर छह करोड़ महिलाओं तक कर दिया है।
पूसा परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय’ के दूसरे दिन शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अगले पांच वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये का बैंक लिंकिंग रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने राज्यों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समय पर अपना वित्तीय अंश जारी करने की अपील की। साथ ही ग्रामीण विकास विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, अधिकारियों के बार-बार तबादलों पर रोक लगाने और प्रमुख पदों पर कम से कम दो से तीन वर्ष तक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता, सोशल ऑडिट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली को मजबूत बनाया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कई राज्यों ने सराहनीय कार्य किया है, जबकि कुछ राज्यों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने की आवश्यकता है।
देशभर के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और नीति-निर्माताओं की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन में विकसित ग्राम–विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "गांव केवल धूल-मिट्टी या चौपाल का नाम नहीं हैं, बल्कि भारत की शक्ति, चेतना और आत्मा हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव समृद्ध और विकसित होंगे।"
उन्होंने सम्मेलन को सहकारी संघवाद का सशक्त उदाहरण बताते हुए कहा कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े राज्यों ने विकास के मुद्दों पर एकजुट होकर चर्चा की। उन्होंने झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के सफल ग्रामीण विकास मॉडलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अन्य राज्यों में भी लागू किया जाएगा।
संभावित कम बारिश की आशंका को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने 14 राज्यों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने जल संरक्षण संरचनाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त रोजगार की अग्रिम तैयारी करने के निर्देश भी दिए।
सम्मेलन के दौरान युवाओं और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वीबी-जी राम कार्यक्रम की लोगो डिजाइन, क्विज और डिजिटल कंटेंट प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।