पंजाब/यूटर्न/28 जून। अबोहर के नजदीकी गांव सीडफार्म से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ जमीन के आपसी विवाद को लेकर निहंग वेशधारी कुछ अज्ञात हमलावरों ने दो महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में ननद और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे तोड़ने की बात भी सामने आई है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल प्रियंका पुत्री प्रीतम सिंह ने अपने सगे चाचा पर इस पूरे हमले को प्रायोजित करने का संगीन आरोप लगाया है। प्रियंका ने घटना की आपबीती सुनाते हुए बताया कि मेरे पिता के पास 6 एकड़ जमीन है और इतनी ही जमीन मेरे चाचा के पास भी है। दोनों भाइयों के बीच कानूनी रूप से जमीन का बंटवारा काफी पहले हो चुका है। इसके बावजूद मेरे चाचा की नीयत खराब है और वे हमारे हिस्से की जमीन पर भी अवैध कब्जा करना चाहते हैं।
----