लुधियाना/यूटर्न/27 जून। लुधियाना के सिविल अस्पताल की पार्किंग में दिनदहाड़े एक युवक ड्रग्स का टीका लगाकर बेसुध हो गया। जिसकी वीडियो सामने आई है। भाजपा नेता गुरदेव शर्मा देबी द्वारा यह वीडियो जारी किया गया है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि युवक नशे की ओवरडोज के कारण बेसुध पड़ा है। मामले को लेकर लुधियाना सेंट्रल हलके से भाजपा नेता देबी ने कड़ा संज्ञान लिया। वे खुद सिविल अस्पताल पहुंचे और मीडिया को अपने मोबाइल पर वह वीडियो दिखाया जिसमें एक युवक अस्पताल परिसर के अंदर नशे की हालत में बेसुध पड़ा है और उसके पास सिरिंज पड़े हैं। भाजपा नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा नशा मुक्त पंजाब के दावों की पोल खुली। देबी ने कहा कि सीएम भगवंत मान रोजाना नशा मुक्त पंजाब की मुहिम चलाने का दावा करते हैं लेकिन असलियत यह है कि अस्पताल जैसी जगहों पर भी सरेआम नशा हो रहा है।
----