ठग ने व्यापारी को वकील जरिए मामला सेंटल करने का भी ऑफर दिया
राजदीप सिंह सैनी
लुधियाना/यूटर्न/27 जून। लुधियाना में साइबर ठगों की और से नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शातिर ठगों द्वारा ऐसे तरीके अपनाए जा रहे हैं कि एक बार तो हर व्यक्ति उसे सच मान बैठता है और ठगी का शिकार हो जाता है। जबकि कई लोगों ने समझदारी दिखाई और उनका बचाव हो गया। ऐसे ही कुछ मामले पिछले दिनों शहर में देखने को मिले हैं। नए मामले में साइबर ठगों द्वारा खुद को चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी बताकर एक लोहा कारोबारी को कॉल की गई। जिसके बाद व्यक्ति के खिलाफ शिकायत होने की बात कही। ठग ने एक वकील का नंबर देकर उसके जरिए मामला सेंटल करने का भी ऑफर दिया। हालांकि कारोबारी को शक हुआ और वे इन नौसरबाजों के जाल में नहीं फंसा। मगर कई लोग ठगों की चाल को समझ नहीं पाते और ठगी का शिकार हो जाते हैं। पहले साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हुई थी। लेकिन लुधियाना साइबर सैल द्वारा लगातार एक्शन लेने के बाद मामले कम हो गए। मगर अब फिर से कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि ठगों द्वारा ज्यादातर बिजनेसमैन से ही ठगी की जाती है।
चंडीगढ़ पुलिस का एएसआई बता की कॉल
जानकारी के अनुसार गिल रोड के लोहा कारोबारी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को चंडीगढ़ पुलिस का एएसआई बताया। उसने कारोबारी से कहा कि उनके खिलाफ एक शिकायत आई है। जिस पर जल्द एक्शन लिया जा सकता है। कई बातें करके उसने कारोबारी को पूरी तरह से डराने का प्रयास किया।
वकील का नंबर देकर संपर्क करने को कहा
जब कारोबारी ने कॉलर से शिकायत के कारण पूछे, तो उसने बताने से साफ इंकार कर दिया। फिर एक वकील का नंबर देकर उससे बात करके मिलने को कहा। कॉलर ने कहा कि वे कोई बात नहीं करेगा, जो पूछना है वकील से ही पूछो। हालांकि कारोबारी का किसी से कोई विवाद न होने के चलते वह ठगों की चाल समझ गया और उसने वकील को कॉल नहीं की। कुछ देर बाद फिर कॉलर ने कॉल कर वकील से बात करने का पूछा। मना करने पर धमकियां शुरु हो गई।
घर का एड्रेस व बाकी जानकारी भी मौजूद
कारोबारी ने कहा कि साइबर ठग इतने शातिर थे कि उन्हें उनका नाम, पिता का नाम, घर का एड्रेस और कारोबार का एड्रेस तक पता था। यानि कि ठगों द्वारा पूरी जानकारी इकट्ठी करने के बाद ही कॉल की। हालांकि जब कारोबारी ने बात करने से इंकार किया तो कॉलर ने धमकी दी कि उसकी रिकॉर्डिंग कर ली है और इसके आधार पर पर्चा दर्ज कर दिया जाएगा।
----