आरोपी हरप्रीत सिंह ने 21000 करोड़ की जब्त ड्रग्स में निभाई थी अहम भूमिका
नई दिल्ली/यूटर्न/26 जून। एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने दिल्ली के पार्टी सर्किट में जाने-माने चेहरे और प्लेबॉय क्लब के पूर्व फ्रैंचाइजी होल्डर हरप्रीत सिंह तलवार को गिरफ्तार किया है। तलवार पर 2021 में मुंद्रा पोर्ट पर 21000 करोड़ की ड्रग्स जब्ती मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आईएसआई समर्थित इंटरनेशनल ड्रग तस्करी सिंडिकेट में शामिल होने का आरोप है। ईडी के अनुसार, राजधानी दिल्ली में तलवार के पांच ठिकानों पर तलाशी के बाद बुधवार को उन्हें हिरासत में लिया। उन पर आईएसआई से जुड़े पाकिस्तानी और अफगान नागरिकों के साथ मिलकर ड्रग्स की तस्करी करने और अपने हॉस्पिटैलिटी बिजनेस के जरिए नार्को मनी का इस्तेमाल करने का आरोप है। हरप्रीत सिंह तलवार दिल्ली के पॉश इलाके में स्थित सम्राट होटल से अपना नाइटक्लब चलाता था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने भी उसे गिरफ्तार किया था।
सिंडिकेट का मुख्य सदस्य है आरोपी
एनआईए की जांच में ये बात सामने आई थी कि वह अफगानिस्तान और पाकिस्तान से संचालित होने वाली खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) समर्थित एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का मुख्य सदस्य है। हालांकि ईडी द्वारा उसके मोबाइल, लैपटॉप व अन्य उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है। जिससे कई अहम सुराग हाथ लगने की संभावना है। चर्चा है कि इस मामले में कई और चेहरे भी सामने आ सकते हैं।
बना रखी थी कई तरह की शैल कंपनियां
केंद्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक, तलवार भारत में नशीले पदार्थों की अवैध खेप मंगाने के लिए कई तरह की शेल संस्थाओं (फर्जी कंपनियों) का इस्तेमाल कर रहा था। वह इन फर्जी कंपनियों के जरिए विदेशों से ड्रग्स आयात करता था और फिर दिल्ली में मौजूद उन अफगान नागरिकों तक इसे पहुंचाता था जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी जैसे राज्यों में हेरोइन के शुद्धिकरण और उसे बांटने में शामिल दिल्ली-स्थित अफगान नागरिकों तक इसे पहुंचाने में मदद करते थे।
---