मंगोलिया में भारत समर्थित रिफाइनरी प्रोजेक्ट पर जयशंकर ने लिया अपडेट, सहयोग बढ़ाने पर जोर
नई दिल्ली/मंगोलिया (Narendra Singh Danu) नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगोलिया दौरे के दौरान एक महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने मंगोलिया के मंत्रियों के साथ मिलकर ‘मंगोल रिफाइनरी प्रोजेक्ट’ की निर्माण साइट का दौरा कर काम की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ बत्त्सेत्सेग बत्मंख और उद्योग एवं खनन मंत्री गोंगोर डमदिनन्याम भी मौजूद रहे।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत और मंगोलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत दोस्ती का प्रतीक है, और इसका काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने परियोजना से जुड़ी विभिन्न टीमों के साथ बैठक कर अब तक हुए कार्य की समीक्षा भी की।
विदेश मंत्री ने साइट पर काम कर रहे भारतीय और मंगोलियाई कर्मचारियों से बातचीत करते हुए उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की, खासकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस बड़े और जटिल प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के प्रयासों के लिए।
यह परियोजना दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने और मंगोलिया की रिफाइनिंग क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।