सीयूईटी-यूजी 2026 में शानदार प्रदर्शन, एक अभ्यर्थी ने चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल से मचाई धूम
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu): नई दिल्ली में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
इस वर्ष परीक्षा के लिए 15.68 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि लगभग 11.64 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परिणामों में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां सामने आई हैं। एक अभ्यर्थी ने अपने पांच में से चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया, जबकि 22 अभ्यर्थियों ने तीन विषयों में, 180 ने दो विषयों में और 3,214 अभ्यर्थियों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया।
पांच विषयों के कुल एनटीए स्कोर के आधार पर तैयार टॉप-20 सूची में आवेदन संख्या 263510269243 ने 1232.19 एग्रीगेट स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर आवेदन संख्या 263510280526 (1230.82) और तीसरे स्थान पर आवेदन संख्या 263510250636 (1207.21) रही।
लैंगिक श्रेणी में पुरुष वर्ग में आवेदन संख्या 263510280526 शीर्ष पर रहा, जबकि महिला वर्ग में आवेदन संख्या 263510269243 ने पहला स्थान प्राप्त किया। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्गों में भी अभ्यर्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। दिव्यांग श्रेणी में आवेदन संख्या 263510208898 ने 1092.95 स्कोर के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
सीयूईटी (यूजी)-2026 परीक्षा का आयोजन 11 से 31 मई तथा 6 और 7 जून के बीच कंप्यूटर आधारित मोड में किया गया। यह परीक्षा देश-विदेश के कुल 321 शहरों में आयोजित हुई, जिनमें 13 विदेशी शहर भी शामिल थे। परीक्षा 19 दिनों में 35 शिफ्टों में संपन्न हुई और इसमें 37 विषय शामिल थे।
एनटीए के अनुसार, इस बार परिणाम परीक्षा समाप्त होने के मात्र 16 दिनों के भीतर जारी कर दिए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में तेज प्रक्रिया है। अब विश्वविद्यालयों को अभ्यर्थियों के स्कोर भेजे जा रहे हैं और प्रवेश प्रक्रिया संबंधित संस्थान अपने-अपने नियमों के अनुसार आगे बढ़ाएंगे।