पंजाब/यूटर्न/18 जून। पंजाब के रोपड़ से आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने आनंदपुर साहिब के एक होटल में पकड़े गए सैक्स रैकेट के मामले में संदोआ को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। डीएसपी रोपड़ के कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) के सामने पूर्व विधायक को 22 जून को सुबह 11 बजे पेश होना होगा। पुलिस ने स्थानीय थानों को निर्देश जारी कर संदोआ को सूचित करने और मामले से जुड़ी पूरी फाइल एसआईटी के सामने पेश करने को कहा है।
होटल में चल रहा था सैक्स रैकेट
17 फरवरी को पंजाब पुलिस ने आनंदपुर साहिब के एक होटल पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां चल रहे एक बड़े सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने संबंधित होटल और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस की विशेष जांच टीम इस रैकेट में पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संदोआ के कनेक्शन और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी संदोआ की सटीक भूमिका पर खुलकर कुछ भी बोलने से इनकार किया है।
----